शेखूपुर चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं जिले में किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड शेखूपुर का पेराई सत्र रविवार को शुरू हो गया। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर सांई आश्रित शाखमुरी ने मिल गेट पर विधि-विधान से हवन-पूजन कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्राम शेखूपुर निवासी किसान बृजभान की गन्ने से भरी पहली बैलगाड़ी और ग्राम बदरपुर निवासी अमित पटेल की ट्राली की तौल कराई गई। उपजिलाधिकारी ने दोनों किसानों को उपहार भेंट किए।
गन्ना तौल के बाद डोंगा पूजन कर उसमें गन्ना डाला गया। चीनी मिल परिसर स्थित सैयद बाबा की मजार पर चादरपोशी की गई तथा शिव मंदिर में पूजन-अर्चन किया गया। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन भी हुआ। मिल के प्रधान प्रबंधक रामकेश सिंह ने उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने गन्ना किसानों से अपील की कि पेराई सत्र के प्रारंभ से ही मिल को स्वच्छ एवं ताजा पेड़ी गन्ने की आपूर्ति करें। इससे मिल संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा तथा किसानों द्वारा आपूर्ति किए गए गन्ने का समय से भुगतान सुनिश्चित करने में भी सुविधा होगी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सोबरन सिंह, आरटीओ हरिओम गौतम, मिल संचालक अरचित सिंह सहित चीनी मिल के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।