बदायूं। कछला में रेलवे ट्रैक पर करीब 10 फुट लंबा मगरमच्छ आ गया। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने पर घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पोस्टमॉर्टम में एक्सीडेंट से मौत होने की बात सामने आई है।
बुधवार की सुबह नौ बजे कछला हाल्ट के समीप रेलवे ट्रैक पर अचानक मगरमच्छ आ गया। इसी दौरान ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में आने से मगरमच्छ की मौत हो गई। मगरमच्छ पास के ही तालाब से ट्रैक पर आ गया था। इससे पहले भी कई बार मगरमच्छ वहां पर देखा गया था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के दरोगा आदित्य गंगवार और वनरक्षक विकेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे।
बता दें कि करीब तीन महीने पहले भी एक मगरमच्छ की ट्रेन से कटकर मौत हो चुकी है। वहीं, डीएफओ विनीता सिंह ने बताया कि मगरमच्छ की मौत होने पर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। इसमें एक्सीडेंट ही घटना की वजह से सामने आई है।