कछला के वार्ड नंबर ़10 में पहुंचा मगरमच्छ। संवाद
बदायूं। गंगा नदी से निकलकर एक मगरमच्छ बुधवार तड़के कछला के वार्ड नंबर 10 की आबादी में पहुंच गया। सुबह लोगों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी तो इलाके में अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने इसकी सूचना पंचायत कर्मचारियों को दी। सूचना मिलते ही पंचायत कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सी से बांधकर सुरक्षित रूप से पंचायत कार्यालय ले गए।
करीब दो घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले गई और उसे गंगा नदी में छोड़ दिया। वन विभाग के एसडीओ जागननाथ कश्यप ने बताया कि गंगा में जलस्तर बढ़ने और नदी किनारे गतिविधियां बढ़ने के कारण मगरमच्छ के आबादी की ओर आने की आशंका जताई जा रही है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसको सुरक्षित स्थान पर छुड़वा दिया है।