बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना पुलिस ने लूट के मामले में वांछित 25 हजार के इनामी मुख्य सरगना गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने बदमाश को न्यायालय के सामने पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
24 जून को मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूट लिया था। इस घटना में बदमाश विष्णु फरार चल रहा था। गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। शनिवार को पुलिस टीम ने आसफपुर स्टेशन के पिछले हिस्से में हड्डी गोदाम रेलवे अंडरपास के पास घेराबंदी कर विष्णु पुत्र नरेश निवासी गांव परसेरा थाना बिसौली को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। आरोपी से घटनाओं में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की। आरोपी पर बदायूं जनपद में कुल पांच केस दर्ज है, जिसमें से फैजगंज बेहटा और इस्लामनगर में दो-दो तथा बिसौली में एक केस दर्ज है।
25 हजार के इनामिया को टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। लूट में आरोपी वांछित चल रहा था। पुलिस टीम लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी। - अंशुमन श्रीवास्तव, सीओ, बिसौली