थाना क्षेत्र के गांव म्याऊं के मजरा कनेऊ खेड़ा निवासी युवक की अलीगढ़ में हत्या करने के बाद शव नहर में फेंक दिया गया। शिनाख्त के बाद अलीगढ़ पुलिस ने उसके परिवार वालों को इत्तिला दी। परिवार वाले अलीगढ़ रवाना हो गए। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव उसके गांव लाया गया।
थाना क्षेत्र के गांव म्याऊं के मजरा कनेऊ खेड़ा निवासी शिवम पुत्र सुरेंद्र अपने भाई आर्येंद्र के साले संजीव पुत्र रमेश के साथ तीन दिन पहले पिकअप से आलू खोदाई के लिए मजदूर लेने के लिए अलीगढ़ गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। अलीगढ़ पुलिस ने बुधवार को थाना जवां क्षेत्र में भोजपुर नगर के पुल के पास से शिवम का शव बरामद किया। उसके आधार कार्ड के जरिए शिनाख्त के बाद परिवार वालों को सूचना दी। संजीव और पिकअप का अब तक सुराग नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि पिकअप लूटने के बाद शिवम की हत्या की गई है। ब्यूरो