जिले में दो और किशोरियां दरिंदगी का शिकार हो गईं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक गांव से सोमवार की रात तीन लोगों ने 16 साल की किशोरी को तमंचे के बल पर अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि मूसाझाग में एक किशोरी के साथ दूसरे समुदाय के युवक ने दुष्कर्म किया और गांव वालों के आने पर फरार हो गया।
फैजगंज की घटना सोमवार रात की है। किशोरी की मां की मौत हो चुकी है। भाई दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। घर में पिता और पुत्री ही रहते हैं। रात में पिता छत पर सो रहा था। इसी दौरान करीब दो बजे गांव का ही पोशाकी यादव अपने दो साथियों के साथ छत के रास्ते उसके घर में घुस आया। तीनों किशोरी को तमंचे दिखाते हुए उठाकर गांव के बाहर सुनसान स्थान पर ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया। 15 घंटे बाद तीनों मंगलवार शाम किशोरी को गांव के बाहर छोड़ गए। घर आकर उसने घटना के बारे में पिता को बताया। पिता ने अपने बेटे को खबर दी। बुधवार को पिता-भाई के साथ किशोरी थाने पहुंची। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पोशाकी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पोशाकी शादीशुदा है। मंगलवार शाम से ही पोशाकी परिवार समेत गायब है। उसके घर में ताला पड़ा हुआ है। एसपी देहात बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं, जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, मूसाझाग थाने के एक गांव में मंगलवार की शाम खेत पर शौच को जा रही 15 साल की किशोरी को गांव के ही राशिद पुत्र वाजिद ने दबोच लिया और किशोरी को तमंचे के बल पर खींच कर गांव के पास एक बाग में ले जाकर दुष्कर्म किया। किशोरी के चीखने-चिल्लाने पर गांव के धीरेंद्र और सुशीला वहां पहुंच गए। दो लोगों को आता देख वह भाग गया। किशोरी घर पहुंची और पिता को घटना के बारे में बताया।
पीड़ित का पिता राशिद के घर शिकायत करने पहुंचा। आरोप है कि इससे बौखलाए राशिद ने अपने भाई आबिद और वाजिद के साथ लड़की के घर पर धावा बोल दिया। कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी को लेकर पिता मूसाझाग थाने पहुंचा तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बुधवार को वह एसएसपी सौमित्र यादव से मिला। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने राशिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है।