मामूली कहासुनी के बाद पत्नी के मायके जाने से गुस्साए युवक ने खुद को कमरे में कैद करके गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव मलिकपुर की है। गांव के देशराज यादव के 25 वर्षीय पुत्र देवेंद्र की शादी तीन साल पहले अलापुर थाने क्षेत्र के गांव धरमपुररोड़ा निवासी पूरन सिंह यादव की पुत्री नीलम के साथ हुई थी। बताया गया कि दो दिन पहले मामूली बात को लेकर देवेंद्र और नीलम के बीच कहासुनी हो गई थी। नीलम ने यह बात अपने भाइयों को बताई तो वह शनिवार को मलिकपुर आ गए। उन्होंने परिवारवालों की मौजूदगी में नीलम और देवेंद्र को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। नीलम को मायके वाले अपने साथ बुला ले गए। बताते हैं कि देवेंद्र ने नीलम को मायके जाने से मना किया। मगर वह नहीं मानी।
नीलम के मायके जाते ही देवेंद्र पहले तो घर से बाहर चला गया। देर रात लौटा और खुद को कमरे में कैद कर लिया। उसने तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना रात में उसके पिता ने नीलम के मायके वालों को दे दी। जिस पर वह भी आ गए। तड़के इसकी भनक पुलिस को लगी तो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को कमरे में ही 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। उधर, मृतक के पिता देशराज ने बताया कि मामला आत्महत्या का है, वह कार्रवाई नहीं चाहते।