- झगड़े की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, रुपये छीनने का भी आरोप
यूपी में जनता को सुरक्षा देने के लिए सरकार ने यूपी 100 योजना शुरू की थी, लेकिन यूपी 100 पर तैनात पुलिस कर्मी ही जब बेकसूरों को पीटने लगें तो जनता कहां गुहार लगाए। शनिवार रात आपसी झगड़े की सूचना पर पहुंची यूपी 100 पड़ोसी किसान को उठाकर ले गई और बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़ित किसान का आरोप है कि गाड़ी का खर्चा बताकर उसकी जेब में रखे 1500 रुपये भी छीन लिए गए। थाने में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने सोमवार को एसएसपी से मामले की शिकायत की। इस प्रकरण की जांच सीओ को सौंप दी गई है।
थाना कादरचौक के गांव असरासी निवासी पप्पू किसान है। शनिवार रात उसके घर के दरवाजे पर पड़ोसी राजवीर और राजकुमार आपस में झगड़ा कर रहे थे। इस बीच किसी ने यूपी 100 को झगड़े की सूचना दे दी। पप्पू का आरोप है कि गांव पहुंचते ही यूपी 100 वाले उसे मारते पीटते घर से उठाकर ले जाने लगे। परिजनों ने साथ ले जाने की वजह पूछनी चाही तो सिपाहियों का पारा चढ़ गया उन्होंने पप्पू की बेरहमी से पिटाई की। इससे उसकी आंख में चोट लगी है। शिकायत के मुताबिक, गाड़ी का खर्चा बताकर जबरन जेब में रखे 1560 रुपये भी छीन लिए। इस मामले की शिकायत पीड़ित ने रविवार को कादरचौक थाने में दी तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए उसे थाने से भगा दिया। सोमवार को इस प्रकरण की शिकायत पीड़ित परिवार ने एसएसपी चंद्र प्रकाश से की है, मामले को गंभीरता से लेते हुए कप्तान ने सीओ को जांच के आदेश दिए है।