कुंवरगांव थाने के गांव गर्रुइया का मामला, लाखों की क्षति
शनिवार रात आई आंधी के दौरान हुआ बड़ा हादसा
थाना क्षेत्र के गांव गर्रुइया में शनिवार को आई आंधी के दौरान एक दो मंजिला मकान ढह गया। इसके मलबे की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। मकान ढहने से लाखों रुपये की क्षति हुई है। गांव के लोग भी वारदात को लेकर अचरज में हैं।
शनिवार रात मौसम ने अचानक करवट बदली थी। तेज आंधी के साथ जिले में कई स्थानों पर बौछार भी हुई थी। आंधी के दौरान कुंवरगांव थाने के गांव राजेंद्र यादव का दो मंजिला मकान ढह गया। गनीमत रही कि इस दौरान परिवार के बाकी लोग घर से बाहर आ गए। मलबे की चपेट में आने से राजेंद्र यादव और उनका बेटा प्रदीप समेत तीन लोग जख्मी हो गए। एक ऑल्टो कार भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। आंधी में मकान ढहने की सूचना पर तहसील प्रशासन ने मुआयना कर क्षति का आंकलन किया है। राजेंद्र यादव का कहना है कि मकान ढहने से उसके घर में रखा 50 लीटर मेंथा आयल और करीब 300 लीटर डीजल भी नष्ट हो गया। इधर, आंधी में मकान ढहने की वारदात से गांव के लोग अचरज में हैं।