अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में बच्ची से दो लोगों की मौत हो गई। बिनावर थाना क्षेत्र के मलगांव निवासी दान सिंह दोपहर के समय खेत पर जा रहे थे। तभी बदायूं-बरेली पर एक वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना गांव के लोगों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ संजय राय ने बताया कि अब तक परिवार वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। जैसे ही तहरीर आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इधर उसहैत थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा जलालपुर निवासी रविंद्र की पुत्री ललिता (07) दोस्तों के साथ सड़क किनारे खेल रही थी। तभी अज्ञात वाहन ने बच्ची को चपेट में ले लिया। बच्चों ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी। जब परिवार वाले वहां पर पहुंचे, बच्ची की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।