जिले में ठगी करने वाला गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है। फोन पर एक महिला से उसका एटीएम नंबर और पासवर्ड पूछकर बैंक खाते से 77 हजार रुपये साफ कर दिए। महिला को जब इस बारे में पता लगा तो उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। फोन करने वाले ने खुद को स्टेट बैंक का प्रबंधक बताया।
सिविल लाइंस थाना इलाके में मोहल्ला प्रेमनगर गली नंबर एक निवासी दीनदयाल की पत्नी रामबेटी के मोबाइल पर शनिवार और रविवार को तीन अलग-अलग नंबरों से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को स्टेट बैंक का शाखा प्रबंधक बताते हुए कहा कि उनको एटीएम बंद हो गया है। इसके लिए उनको अपना एटीएम नंबर, पासवर्ड और आधार नंबर बताना होगा। रामबेटी ने उसके झांसे में आकर एटीएम नंबर, पासवर्ड और आधार नंबर बता दिया। दो दिन बाद जब उन्होंने अपना खाता चेक किया तो 77 हजार रुपये गायब थे। रामबेटी ने रिपोर्ट दर्ज कराने को सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी है। एसओ सिविल लाइंस अजय यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खाते से रुपये उड़ाने वालों का जल्द पता लगा लिया जाएगा।