बस की छत पर चढ़े युवक का सिर हाईटेंशन लाइन से टकराया
बस में करंट उतरने की वजह से झुलसे भाई और बहन
बस की छत पर चढ़े युवक का सिर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक करंट लगने से छत से गिरकर घायल हो गया। बस में करंट उतरने से भाई-बहन भी झुलस गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, बस की छत से गिरे युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दोपहर के एक बजे के करीब बदायूं से कलान की ओर से जा रही निजी बस ब्लॉक गेट के सामने आकर रुक गई, तो बस में बैठी सवारियां उतरने लगीं। इसी दौरान बदायूं के फकीरी सराय का 22 वर्षीय युवक अंकित बस की छत पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन से उसका सिर टकरा गया। करंट लगने से वह बस की छत से नीचे गिरकर घायल हो गया। इससे बस में करंट उतर आया, जिससे शाहजहांपुर जिले के परौर थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर के 20 वर्षीय रजनीश और उसकी छह वर्षीय बहन रामलता को बस से उतरते वक्त करंट लग गया। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। इसमें युवक अंकित की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।