मूसाझाग थाने के गांव कपरुआ में तीन साल के बच्चे की घर के बाहर गड्ढे में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। खबर मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
कपरुआ गांव में रिंकू यादव के मकान का निर्माण चल रहा है। पानी निकासी के लिए उसके घर के बाहर एक गड्ढा बना हुआ है। इसमें बारिश में पानी भर गया था। शनिवार दोपहर रिंकू यादव का तीन वर्षीय पुत्र छोटू खेलते-खेलते घर से निकल गया। वह पानी से भरे इसी गड्ढे में गिर गया। परिवार वालों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। किसी काम से पड़ोसी नौबत की पत्नी रिंकू यादव के घर आईं तो उन्होंने छोटू का शव गड्ढे में देखा। उन्होंने परिवार वालों को खबर दी। रिंकू यादव ने छोटू को बाहर निकाला। उसे एक निजी डॉक्टर के यहां ले गया। डॉक्टर ने छोटू को मृत घोषित कर दिया। एसओ एनपी सिंह ने गांव पहुंच कर घटना की जानकारी ली।