-अहीरटोला मोहल्ले की नई बस्ती में मंगलवार रात हुई घटना
अहीरटोला मोहल्ले की नई बस्ती में चोरों ने महिला के घर को निशाना बना लिया। छत पर चढ़कर घर में घुसे चोरों ने सेफ और संदूक समेत गृहस्वामिनी के बेटे की पेंट की जेब को खंगाल दिया। छत पर सो रहे घरवालों को भनक तक नहीं लग पाई लेकिन चोर नकदी समेत करीब एक लाख रुपये का माल समेट ले गए। चोरी की घटना मंगलवार रात की है। अहीरटोला मोहल्ले की नई बस्ती निवासी सरोज देवी पत्नी शिशुपाल सिंह देर रात दरवाजे पर ताला डालकर कमरे में तो बेटा और बहू छत पर जाकर सो गए। घर में चोर किस वक्त घुसे, यह तो गृहस्वामिनी समेत उसके परिवार वालों को नहीं पता लेकिन तड़के जाग होने पर उन्होंने कमरे में संदूक और सेफ को खुला देखा तो चोरी का अहसास हो गया। उन्हें सेफ में 70 हजार और पेंट की जेब में 14 हजार रुपये नजर नहीं आए। संदूक से सोने-चांदी के जेवरात भी गायब थे। चोरी का पता लगते ही पड़ोसी भी सरोज के घर पहुंचे। सभी ने मिलकर आसपास इलाके में छानबीन भी की लेकिन सुराग नहीं लगा। गृहस्वामिनी ने बताया कि चोरी में करीब एक लाख्र रुपये का नुकसान हुआ है। सरोज के बेटे ने कॉल कर पुलिस को भी घटना से अवगत करा दिया लेकिन पुलिस दोपहर बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने गृहस्वामी समेत उसके परिवार वालों से घटना की जानकारी हासिल की। पुलिस ने गृहस्वामिनी को चोरों का पता लगाने का भरोसा दिलाया। बता दें कि एक दिन पहले साहूकारा मोहल्ले से भाजपा नगर कमेटी के महामंत्री अमित शर्मा की बाइक चोर ले गए थे। बाइक का दूसरे दिन भी पता नहीं लग पाया है।