कार्यकत्री पूनम मोहल्ला साहूकारा में राजीव गोयल के मकान में किराये पर रहती है। कार्यकत्री कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव बमनौसी निवासी दिनेश यादव की विवाहित बेटी पूनम घटना की रात पति और पिता की गैर मौजूदगी में अपने मासूम बेटे के साथ अकेली थी। पूनम के अनुसार, रात में करीब दो बजे उसने दरवाजा खुला देखा तो शोर मचाया। उसने मकान मालिक को भी बुला लिया। स्टोर रूम में झांक कर देखा तो संदूक खुला पड़ा था। संदूक में रखे 20 हजार रुपया , जेवरात में सोने की चेन, दो जोड़ी झुमकी, अंगूठी समेत बेटे के नामकरण संस्कार पर मिले सोने के गिफ्ट गायब थे।
मकान मालिक समेत आसपास के लोगों ने तड़के मोहल्ले में छानबीन भी की लेकिन कहीं से भी कोई सुराग हत्थे नहीं चढ़ा। सूचना के बाद दोपहर में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के परिजन भी आ गए। पूनम ने कोतवाली जाकर तहरीर देने से पहले पुलिस को पूरे घटनाक्रम से भी अवगत कराया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर तहकीकात शुरू कर दी है। चोरी की घटना से मोहल्ले में भी अफरातफरी का माहौल बना रहा।
गौरीशंकर मंदिर के पास दिखे चोर
उझानी। बुधवार रात साहूकारा मोहल्ले में ही कटरा की ओर गौरी शंकर मंदिर के पास चोरों की आहट पर कुछेक गृहस्वामी जाग गए। उन्होंने शोर मचाया तो चौकीदार भी दौड़ आया। तीन-चार नागरिकों ने चोरों का बहादुरगंज मोहल्ले की ओर तक पीछा भी किया लेकिन कोई भी हत्थे नहीं चढ़ पाया। पुलिस ने इसकी सूचना होने से इंकार किया है।