-दातागंज के गांव डहरपुर के पास बेहोश पड़ा मिला
-जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा
प्रेम प्रसंग में युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। वह बेहोशी की हालत में दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव डहरपुर में ब्रह्मदेव मंदिर के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था। एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मूसाझाग थाने के गांव चिर्रा निवासी 27 वर्षीय रघुवीर पुत्र प्रानसुख का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक ही बिरादारी के होने के बावजूद इनके परिवार वाले शादी के खिलाफ थे। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, बंदिशों से तंग आकर चार दिन पहले रघुवीर की प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली थी। प्रेमिका से बिछड़ने के बाद रघुवीर डिप्रेशन में था। परिवार वालों ने रघुवीर को काफी समझाया भी। बुधवार को रघुवीर अपने घर से चला गया था। गुरुवार को दातागंज कोतवाली के गांव डहरपुर स्थित ब्राह्मदेव मंदिर के पास रघुवीर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। गांव के लोगों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस 108 से उसे जिला अस्पताल भिजवाया। यहां इलाज के दौरान रघुवीर की मौत हो गई। उसकी जेब में मिले मोबाइल नंबर से शिनाख्त हुई। इसके बाद रघुवीर के परिवार वालों को खबर दे दी गई। देर शाम तक मामले में कोई तहरीर दातागंज कोतवाली पुलिस को नहीं दी गई थी।
युवक बेहोशी की हालत में मिला था। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में खुदकुशी का निकला था। पता लगा है कि उसकी प्रेमिका ने चार दिन पहले खुदकुशी कर ली थी।
-अमित सिंह, इंस्पेक्टर दातागंज