हत्या के आरोप में जिला जेल में बंद शिवनंदन नाम के बंदी की रविवार रात अचानक हालत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पूर्व मंत्री अजीत यादव उर्फ राजू ने मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। चार डॉक्टर के पैनल ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया। इसमें मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। विसरा प्रिजर्व किया गया है।
संभल जिले के थाना रजपुरा के गांव सिंधौली एहराम निवासी शिवनंदन (28) पुत्र करन सिंह हत्या के मामले में आरोपी था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 14 जुलाई को जेल भेजा था। शिवनंदन और उसके दोस्त सोनू पर गांव के ही धर्मेंद्र नाम के युवक की हत्या का आरोप था। रविवार रात शिवनंदन की जेल में हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां कुछ ही देर के बाद शिवनंदन ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर शिवनंदन का ब्लड प्रेशर काफी हाई था। सोमवार को डॉ. एके गुप्ता, डॉ. आरएस यादव, डॉ. आंशू अग्रवाल और डॉ. एमए सिद्दीकी के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं होने पर विसरा प्रिजर्व किया गया है।
इधर, शिवनंदन के परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पूर्व मंत्री अजीत यादव उर्फ राजू ने भी हत्या का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। बता दें कि 17 अप्रैल को संभल जिले के नदरौली गांव निवासी तुकमेश यादव नाम के बंदी की मौत के बाद जेल में काफी बवाल हुआ था। बंदियों और कैदियों ने भूख हड़ताल कर दी थी। काफी प्रयास के बाद स्थिति सामान्य हुई थी।