शनिवार की देर रात ग्राम प्रधान के घर में घुसकर चार लोगों ने गाली गलौज करने के विरोध करने पर उसके दो पुत्र और पुत्रवधु को पीटकर घायल कर दिया। इसी के साथ ही उसके घर का पानी भी बंद कर दिया। प्रधानपति ने गांव के ही चार लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर टप्पा मलसई निवासी ग्राम प्रधानपति ओमप्रकाश पुत्र दरियाब सिंह का कहना है कि शनिवार की देर रात करीब तीन बजे गांव के ही चार लोग घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर चारों लोगों ने उसके पुत्र राकेश, नीरज और पुत्रवधु सुनीता को पीटकर घायल कर दिया। घर की निकासी का पानी भी बंद कर दिया। ओमप्रकाश ने नेकराम, साहब सिंह, हरवीर, जयवीर को नामजद किया है ।
गांव सुजातगंज पस्तौर और मोहल्ला शहबाजपुर में भी कहासुनी को लेकर हुए विवाद में नेमसिंह और शहजाद अली घायल हो गए। नेम सिंह का कहना है कि उसकी लकडी उसके परिवार के लोगों की जगह पर रखी हुई थी, लेकिन गांव के ही चार लोग इस हटाने की बात कहते हुए गाली गलौज करने लगे विरोध करने पर चारों लोगों ने उसे पीटकर घायल कर दिया। नेमसिंह ने हरीसिंह, चंद्रपाल, कृपाल सिंह, झूना सिंह को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहजाद अली ने मुदस्सिर और अफरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।