नझियाई मोहल्ले में आम रास्ता पर सोमवार सुबह कब्जा करने की नीयत से शुरू कराए गए निर्माण कार्य को लेकर बवंडर मच गया। आसपास इलाके के लोगों ने हंगामा कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
नगर के मोहल्ला नझियाई निवासी गुड्डू के घर से कछला रोड बाजार की ओर निकलता है। आरोप है कि सुबह में एक ही परिवार के दो-तीन लोगों ने रास्ते में नींव खुदवा कर उसे भरवाने की कोशिश की तो लोग विरोध पर उतर आए। दोनों पक्ष के लोगों में जमकर कहासुनी हुई। मारपीट की नौबत भी आ गई। इसी बीच शौकीन शाह ने कोतवाली जाकर पुलिस को अवगत कराया। शौकीन ने आरोपियों पर कार्रवाई के लिए तहरीर भी सौंप दी।
पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो निर्माण कार्य चल रहा था। ज्यादातर लोग विरोध कर रहे थे, सो पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। साथ ही पैमाइश होने तक निर्माण कार्य शुरू नहीं करने की हिदायत भी दी है। इस बीच, नगर परिषद कार्यालय में भी इसकी शिकायत की गई है। हंगामा करने वालों में फरमान, फैय्याज, मुश्ताक, पप्पू, मुन्ने, नौशे अली, दूल्हे शाह और इमाम हुसैन आदि शामिल थे।