मृतक किशनपाल के गले और हाथ में चोट के निशान
बेटों अलग घर में रहता था ग्रामीण, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा
अब्दुल्लागंज गांव में वृद्ध का शव उसी के घर में चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक अपने बहू-बेटों से अलग दूसरे मकान में अकेला रहता था। घरवाले भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को भी बुला लिया। गले और एक हाथ में चोटों के निशान मिलने पर हत्या की आशंका के बीच पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र गांव अब्दुल्लागंज निवासी 65 वर्षीय ठाकुर किशनपाल को पड़ोसियों ने अंतिम बार मंगलवार शाम घर में घुसते हुए देखा लेकिन बुधवार अपराह्न तक वह नजर नहीं आया। करीब तीन बजे पड़ोसी ने दरवाजे के जरिए अंदर झांका तो बरामदे में चारपाई पर किशनपाल का शव पड़ा था। मृतक के गले पर गमछे से फंदे और एक हाथ में चोट के निशान थे। उसके पैर भी मिट्टी से सने थे। घरवालों समेत ग्रामीणों को आशंका है कि किशनपाल की रात में हत्या की गई है।
अब्दुलागंज चौकी इंचार्ज मनोज त्यागी ने मामला पेचीदा मानते हुए कोतवाल गोपीचंद्र यादव को भी घटनास्थल पर बुला लिया। कोतवाल ने मृतक के बेटों समेत आसपास के ग्रामीणों से जानकारी की। बताया गया कि मृतक के चार बेटे राजू और जगमोहन बाहर रहते हैं, जबकि सोनू और मोनू पिता से दूर गांव में दूसरे घर में अलग रहते हैं लेकिन सोनू-मोनू ने किसी पर शक नहीं जताया है।
-----
मृतक की पत्नी की सड़क हादसे में हो चुकी मौत
उझानी। अब्दुल्लागंज निवासी मृतक किशनपाल की मौत को लेकर शाम तक पसोपेश बना रहा लेकिन घरवालों की मानें तो करीब ढाई साल पहले मृतक की पत्नी की बाइपास पर ट्रेक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई थी। उसी वक्त से किशनपाल अपने दूसरे घर में अकेले रहते थे।