इनका पॉलीग्राफी टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए कोर्ट की इजाजत का इंतजार किया जा रहा है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्राह्मपुर में रहने वाले रिटायर्ड इंजीनियर विजेंद्र गुप्ता और उनकी पत्नी सन्नो गुप्ता के शव आठ अप्रैल को घर की रसोई में मिले थे। दोनों की नृशंस हत्या की गई थी। नौ अप्रैल को आईजी विजय मीणा, डीआईजी आरकेएस राठौर ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। दावा किया कि वारदात का जल्द पर्दाफाश होगा। वर्कआउट में एसटीएफ के साथ लोकल पुलिस की चार टीमों को भी लगाया गया। फॉरेंसिक, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने भी क्लू खंगाले। चार महीने बाद भी पुलिस को कोई ठोस क्लू नहीं मिल सका है।
वारदात के शुरू से ही पुलिस का शक करीबियों पर था, लेकिन सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस के हाथ अब तक कुछ नहीं लगा है। सच सामने लाने के लिए पुलिस ने शक के आधार पर कुछ लोगों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने का फैसला किया है। उम्मीद है कि सितंबर के पहले सप्ताह में पॉलीग्राफी टेस्ट करा लिया जाएगा। इसके साथ पुलिस को फॉरेंसिक एक्सपर्ट की रिपोर्ट का भी इंतजार है।
रिटायर्ड इंजीनियर दंपति हत्याकांड में तफ्तीश जारी है। सच सामने लाने के लिए कुछ लोगों का पॉलीग्राफी टेस्ट कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए कोर्ट से इजाजत मिलने का इंतजार है। उम्मीद है कि अगले 20 दिन में पॉलीग्राफी टेस्ट करा लिया जाएगा।
-सौमित्र यादव, एसएसपी