उझानी-बिल्सी रोड पर शनिवार अपराह्न की घटना
ओवरटेक को लेकर बाइक सवार युवकों से हुई थी कहासुनी
बाइक सवार तीन युवकों ने ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी के बाद टेंपो मालिक को घेर लिया। उन्होंने टेंपो मालिक के साथ हाथापाई भी की। बाद में उसे गोली मार दी। सवारियों ने विरोध किया तो बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। घायल टेंपो मालिक को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने उसे बरेली रेफर कर दिया है।
घटना शनिवार आपराह़्न की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव संजरपुर बालजीत निवासी अजय कुमार (25) पुत्र रामऔतार उझानी-बिल्सी रोड पर अपना टेंपो चलवाता है। संजरपुर से सवारियों को बैठाने के बाद वह खुद ही टेंपो का ड्राइव कर चला। गांव से निकलते ही पीछे से काली पल्सर बाइक सवार तीन युवकों की उससे ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी हो गई। सवारियों ने उस वक्त तो विवाद शांत करा दिया लेकिन बाद में बाइक सवार युवकों ने टेंपो का पीछा कर कसबे के पास ही घेर लिया।
युवकों ने अजय को टेंपो से बाहर खींच लिया। उसके साथ उन्होंने हाथापाई भी की। बाद में उसे गोली मारी दी। गोली अजय की कोख पर लगी है। सवारियों ने हमलावरों को दबोचने की कोशिश करते उससे पहले ही तीनों युवक बाइक लेकर भाग गए। चश्मदीद लोगों की मानें तो बाइक सवार युवकों में से दो के पास तमंचे थे। राहगीरों और सवारियों ने घायल अजय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। तब तक उसके घरवाले और परिचित भी अस्पताल आ गए। डॉक्टर ने अजय की हालत गंभीर बताकर पहले जिला अस्पताल फिर जिला अस्पताल से बरेली रैफर कर दिया गया है। इधर, दरोगा एके सिंह ने बताया कि सवारियों ने हमलावरों का जो हुलिया बताया है, उसके आधार पर तलाश शुरू कर दी गई है।