मंदिर, मस्जिद और स्कूलों के
पास मयखानों का विरोध
कबूलपुरा की महिलाएं सड़क पर आईं, पुलिस पशोपेश में
हाईवे की दुकानें हटाने के बाद शिफ्टिंग में हो रहा खेल
नया वित्तीय वर्ष चालू होने के साथ जिले में कई मंदिर, मस्जिद और स्कूलों के पास भी शराब की दुकानें खुल गई हैं। लोग इसके विरोध में सड़कों पर आने लगे हैं। वजीरगंज, मूसाझाग, अलापुर और शहर में ऐसी दुकानें खुलने के बाद स्थानीय लोग खासकर महिलाएं लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतरने लगी हैं। पुलिस और प्रशासन पशोपेश में है। अलापुर और मूसाझाग में मंदिर के पास शराब की दुकान खोल दी गई। शहर में मंदिर और मस्जिद के बीच शराब की दुकान और वजीरगंज में स्कूल के पास मयखाना खोल दिया गया, जिसको लेकर लोगों में आक्रोश है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एक अप्रैल को हाईवे किनारे स्थित शराब की दुकानों को 500 मीटर दूर हटा दिया गया था। अब इन दुकानों को शहर में शिफ्ट किया जा रहा है। शहर के मोहल्ला कबूलपुरा होली चौक में मंदिर और मस्जिद के पास ही शराब की दुकान खोल दी गई। लोगों को इस बारे में पता लगा तो उनमें गुस्सा दौड़ गया। महिलाएं और बच्चे हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर आ गए। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बात बढ़ने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, प्रदर्शन कर रहीं मजिलाएं राजी नहीं हुईं। वह शराब की दुकान हटाने की मांग पर अड़ी थीं। कोतवाली पुलिस नें इस बारे में सूचना डीएम पवन कुमार को भी दे दी। बाद में प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने किसी तरह से समझाकर शांत किया।
मूसाझाग में भी थाने के पास मंदिर है। मंदिर के पास ही शराब की दुकान खोल दी गई। लोग इसका विरोध कर रहे हैं और पुलिस-प्रशासन इसे नजरअंदाज कर रहा है। मंदिर के पास शराब की दुकान होने से लोगों में गुस्सा है। अलापुर में मंदिर के पास शराब की दुकान खोल दी गई है। लोगों ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की। दुकानों की शिफ्टिंग में आबकारी विभाग चोरी छिपे काम कर रहा है। वजीरगंज में पुसगवां रोड पर स्कूल के पास शराब की दुकान खोल दी गई है। इसको लेकर भी स्थानीय लोगों में गुस्सा है। आबकारी विभाग और प्रशासन इस पर चुप्पी साधे हुए है।
----------
असमोली में शराब की दुकान का विरोध
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव असमोली में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में रविवार को गांव के लोग सड़क पर आ गए। दुकान बंद कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान यहां पुलिस पहुंची तो उसका घेराव किया गया। गांव के लोगों की मांग है कि यहां से शराब की दुकान को हटाया जाए।
----------
चोरी-छिपे हो रही दुकानों की शिफ्टिंग
बदायूं। आबकारी विभाग चोरी-छिपे शराब की दुकानों की रिहायशी इलाकों में शिफ्टिंग करा रहा है। बता दें कि जिले में शराब की करीब 120 दुकानें एक अप्रैल से बंद हो गई हैं। यह वे दुकानें हैं जो स्टेट और नेशनल हाईवे के किनारे थीं। इन दुकानों को हाईवे से 500 मीटर दूर हटा दिया गया है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।