एक सिरफिरे ने इलाके के एक गांव में 16 साल की किशोरी को चाकू से घायल कर उसके साथ रेप किया। उसने किशोरी को पीटकर एक दांत भी तोड़ दिया। सिरफिरा कुछ माह पहले भी इसी किशोरी के साथ रेप करने के मामले में जेल जा चुका है। अभी वह जमानत पर बाहर आया था। एसएसपी के आदेश पर मूसाझाग पुलिस ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी पर पाक्सो एक्ट की कार्रवाई भी की गई है। अभी आरोपी फरार है। किशोरी का मेडिकल कराया गया है।
कादरचौक थाने के एक गांव की किशोरी मूसाझाग थाने के एक गांव में अपनी ननिहाल में मां के साथ आई हुई थी। बुधवार को करीब 11 बजे परिवार के लोग खेत पर काम करने गए थे। आरोप है कि गांव का ही महेश पुत्र रामदीन मौका पाकर उसके घर में घुस आया। किशोरी घर पर अकेली थी महेश ने चाकू के बल पर उससे दुष्कर्म किया। किशोरी ने विरोध किया तो महेश ने उस पर चाकू से प्रहार कर दिया। किशोरी ने वार रोकने की कोशिश की तो उसके हाथों में गहरे जख्म हो गए। पेट पर भी उसने वार किया फिर भाग निकला। किशोरी के मामा जब घर पहुंचे तो उसने आपबीती सुनाई। मामा उसे लेकर थाने पहुंचे। यहां प्रभारी एसओ शमीम हैदर ने रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया। एसएसपी सुनील सक्सेना से शिकायत करने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।