घरवालों के साथ गंगा स्नान को पहुंचा किशोर डुबकी लगाते वक्त डूब गया। तलाश के लिए आसपास इलाके के प्राइवेट गोताखोरों को भी मौके पर बुलवा लिया गया। गोताखोर उसकी खोजबीन में जुट गए हैं।
कछला के पास खेड़ा घाट पर हादसा रविवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव नरसेना निवासी सोहनलाल का 16 वर्षीय पुत्र ईश्वेंद्र घरवालों के साथ गंगा स्नान को घाट पर पहुंचा। एक बार तो वह घरवालों के साथ स्नान करके बाहर निकल आया, लेकिन जिद करके फिर से नहाने को गंगा में घुस गया। डुबकी लगाते समय वह अचानक ही ओझल हो गया। घरवालों ने शोर मचाया तो खेड़ा और हुसैनपुर के ग्रामीण भी घाट पर पहुंच गए।
गंगा में डूबे ईश्वेंद्र की पहले तो घरवालों ने खुद ही तलाश की लेकिन पता नहीं लगने पर दोपहर बाद पंखिया नगला समेत आसपास इलाके से गोताखोरों को भी दोपहर में बुलवा लिया गया। कछला चौकी से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। डूबे किशोर के पिता सोहनपाल ने बताया कि जहां उसके घरवालों ने स्नान किया, वहां जल में गहराई अधिक है। ईश्वेंद्र को इसका अहसास नहीं हो पाया होगा। खेड़ा घाट पर नरसेना के ईश्वेंद्र के नहाते वक्त डूब जाने की भनक जैसे ही घर पर मौजूद महिलाओं को लगी तो सभी रोती-बिलखती पहुंच गई। मां समेत परिवार की महिलाओं को रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।