-घटियारी के प्रधान की हत्या के मामले में जांच शुरू
-कोतवाली क्षेत्र में पटपरागंज के पास पड़ी मिली थी लाश
कादरचौक की ग्रामसभा घटियारी के प्रधान शिवनंदन की हत्या के मामले में एसपी (सिटी) कमल किशोर मंगलवार को पटपरागंज गांव पहुंचे। उन्होंने हत्याकांड में चश्मदीद रहे लोगों और आसपास इलाके के ग्रामीणों से घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल की। मृतक के भाई बृजनंदन ने भी अपना पक्ष रखा। एसपी ने चश्मदीदों तथा ग्रामीणों से पूछा कि घटना किस वक्त कहां और कैसे हुई। सबने अपनी जानकारी के मुताबिक उनको घटनाक्रम से अवगत कराया।
बाइक सवार प्रधान शिवनंदन की लाश 22 जून की रात करीब आठ बजे कोतवाली क्षेत्र में पटपरागंज के पास मिली थी। मृत प्रधान के पास ही घटियारी का वीरेंद्र भी घायलावस्था में पड़ा था। मृतक के भाई बृजनंदन ने हत्या की वजह प्रधानी की रंजिश बताते हुए गांव के ही अवधेश, नरेश, संजू, रामसिंह, रामभरोसे और वीरेंद्र को नामजद कराया था। आरोप था कि शिवनंदन के विरोध में चुनाव लड़ा रामसिंह हार गया था। उसी दिन से वह रंजिश मानने लगा था। घटना को लेकर उठे सवाल के बीच ही बृजनंदन ने पिछले दिनों एसएसपी चंद्रप्रकाश के समक्ष पेश होकर पुलिस अफसर से जांच कराने की गुहार लगाई थी। इसी के तहत ही एसपी सिटी कमल किशोर जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी सिटी ने घटना के चश्मदीद घटियारी निवासी लोगों से अकेले में जानकारी की। एसपी के साथ प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल भी मौजूद रहे। बता दें कि हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
-----------------------
वर्जन
इस मामले में मृतक और बचाव पक्ष की ओर से एसएसपी को शिकायत की गई थी। बचाव पक्ष ने मामला दुर्घटना का बताते हुए नामजदगी पर सवाल उठाए थे। जबकि मृतक के घरवाले हत्या की बात कह रहे थे। इसी सिलसिले में मौके पर जाकर जांच की है।
-कमल किशोर, एसपी (सिटी)