बिल्सी इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह और थाने के मुंशी दिग्विजय सिंह पर यूपी 100 में तैनात एक सिपाही ने मारपीट करने और वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया है। मंगलवार को अपनी पत्नी के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचकर सिपाही ने इस बारे में शिकायत की। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच एसपी देहात एसपी सिंह को सौंप दी है।
मुजरिया थाने में तैनात यूपी 100 के सिपाही धर्मवीर की तैनाती सोमवार को बिल्सी थाना क्षेत्र में थी। धर्मवीर के मुताबिक रात करीब साढ़े सात बजे बिल्सी थाने के गांव सत्यपुर भिलौलिया से प्यारे लाल पुत्र लाखनराम ने यूपी 100 को कॉल की, कॉल मिलने के बाद वह पीआरवी से सत्यपुर भिलौलिया पहुंच गया। गांव में दो गुटों के बीच मारपीट की बात सामने आई। यह भी पता लगा कि जिस लड़के को पीटा गया वह लापता है। इस दौरान कई बार सेट पर बात करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर बिल्सी और सीओ को भी उसने घटना के संबंध में जानकारी दी। इसके बावजूद कोई मौके पर नहीं पहुंचा। इसी दौरान कुछ लोग प्यारे लाल को खींचने लगे। इस पर यूपी 100 के स्टाफ ने प्यारे लाल को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया। थाने पहुंचने के बाद उसने मुंशी दिग्विजय सिंह से प्यारे लाल को लिखा-पढ़ी कर सुपुर्दगी में लेने के लिए कहा, लेकिन मुंशी ने लिखा-पढ़ी करने से इंकार कर दिया।
यूपी 100 के सिपाही धर्मवीर सिंह का आरोप है कि मुंशी दिग्विजय सिंह उससे अभद्रता करने लगा। कुछ देर में इंस्पेक्टर बिल्सी अमित कुमार सिंह भी पहुंच गए। इंस्पेक्टर बिल्सी और थाने के मुंशी ने उससे मारपीट कर दी। उसकी वर्दी भी फाड़ दी। इसके बाद वह वहां से चला गया। धर्मवीर सिंह का कहना है कि उसकी पत्नी और बच्चे बिल्सी थाना परिसर में बने क्वार्टर में ही रहते हैं। आरोप है कि रात में करीब 12 बजे इंस्पेक्टर बिल्सी ने उसके क्वार्टर के दरवाजे पर लातें मारीं और गालियां दीं। उसकी पत्नी से भी अभद्रता की। जब वह घर पहुंचा तो पत्नी ने इस बारे में बताया। मंगलवार को धर्मवीर सिंह ने अपनी पत्नी के साथ एसएसपी चंद्र प्रकाश से मिलकर मामले में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने मामले में जांच एसपी देहात एसपी सिंह को सौंपी है।