शादी का झांसा देकर युवती
का दो साल तक यौन शोषण
-एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
-अलापुर थाने के एक गांव का मामला, आरोपी फरार
शादी का झांसा देकर एक युवक युवती का दो साल तक यौन शोषण करता रहा। बाद में उसने शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी महेंद्र यादव को व्यथा सुनाई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी फिलहाल फरार है।
मामला अलापुर थाने के एक गांव का है। गांव की एक युवती और युवक हसन (दोनों बालिग) साथ-साथ पढ़ते थे। हसन ने युवती को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद दो साल तक उसके साथ यौन शोषण करता रहा। आरोप है कि पिछले दिनों हसन, युवती के घर पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसको अपने घर ले गया। युवती का आरोप है कि जब वह उसके घर पहुंची तो हसन के पिता, मां और बहन ने उसे गालियां देते हुए घर से भगा दिया। इसके बाद हसन ने भी उससे शादी से इंकार कर दिया। युवती ने काफी मिन्नतें की, लेकिन हसन शादी के लिए राजी नहीं हुआ। इसके बाद वह थाने पहुंची। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। थाना स्तर से कार्रवाई न होने पर युवती ने एसएसपी महेंद्र यादव को आपबीती सुनाई। एसएसपी ने मामले में अलापुर पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर इंद्रेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। युवती को मेडिकल के लिए भेजा गया है। बाद में उसके मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे।