स्कूल के पास खुल गईं शराब की
दुकानों पर छात्राओं का हंगामा
-सेल्समैन दुकान पर ताला डालकर खिसके, पुलिस ने शांत कराया
-छात्राएं बोलीं- रास्ते में छींटाकशी करते हैं शराबी, रास्ता चलना मुश्किल
नगर स्थित नत्थू लाल सेवक इंटर कॉलेज के पास शराब की नई दुकानें खुल गई हैं। इससे नाराज स्कूल की छात्राओं और शिक्षकों ने सोमवार को शराब की दुकानों के सामने जमकर हंगामा किया। छात्राओं के गुस्से को देखते हुए दोनों दुकानों के सेल्समैन दुकान पर ताला डालकर चुपचाप खिसक लिए। लगभग एक घंटे तक हुए हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के समझाने पर छात्राएं शांत तो हुई मगर उन्होंने शीघ्र दुकान न हटने पर आक्रामक रवैया अपनाने की चेतावनी भी दे डाली। छात्राओं का कहना है कि शराब की दुकानें खुलने के बाद यहां शराबी उन पर छींटाकशी करते हैं।
सुप्रीम कोर्ट के हाईवे किनारे से शराब की दुकानें हटाने के आदेश के बाद शराब ठेकेदारों ने रोडवेज के पास स्थित देसी तथा अंग्रेजी शराब की दुकानें हटाकर नगर में पुसगवां रोड पर नत्थूलाल सेवक इंटर कॉलेज वाली सड़क पर कॉलेज के पास दुकानें खोल लीं। इसकी शिकायत विद्यालय के प्रधानाचार्य अतुल सक्सेना ने डीएम सहित विभिन्न अधिकारियों के अलावा मुख्यमंत्री से भी की थी, मगर फिर भी दुकानें वहां से नहीं हटीं। सोमवार को विद्यालय में पेपर देकर निकलीं छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा। छात्राओं ने प्रधानाचार्य तथा शिक्षकों के साथ शराब की दुकान पर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। छात्राओं के आक्रामक रुख को देखकर दोनों दुकानों के सेल्समैन चुपचाप दुकान बंद कर खिसक लिए। प्रधानाचार्य अतुल सक्सेना तथा छात्राओं का कहना है कि इसी मार्ग से विद्यालय के छात्र-छात्राएं और शिक्षिकाएं विद्यालय जाते हैं, शराब की दुकान पर खड़े लोग उन पर छींटाकशी करते हैं। शराब की दुकान की वजह से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। छात्राओं के हंगामे के लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों का गुस्सा तो शांत कर दिया मगर छात्राओं ने शीघ्र दुकानें न हटाए जाने पर आक्रामक रवैया अपनाने की बात कही है।