बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने सरेराह सर्राफ को गोली मारकर नगदी और जेवरों से भरा बैग लूट लिया। बैग में पांच लाख रुपये नगदी और सोने-चांदी के आभूषण थे। वारदात सहसवान में थाने से महज दो सौ कदम की दूरी पर सरेशाम हुई। विरोध करने पर लुटेरों ने सर्राफ के नौकर को भी गोली मार दी। गंभीर घायल सर्राफ को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से बरेली रेफर कर दिया गया। एसपी देहात बालेंदुभूषण सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच कर सर्राफ के परिवार वालों से घटना की जानकारी ली।
सहसवान के मोहल्ला सैफुल्लागंज निवासी अनुज माहेश्वरी (37) पुत्र प्रेम बिहारी की गोल मार्केट में सर्राफे की दुकान है। गुरुवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद करके अपने भतीजे हर्ष माहेश्वरी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। पीछे साइकिल से उनका नौकर तोताराम (22) पुत्र ब्रजपाल था। अनुज की बाइक जैसे ही सैफुल्लागंज रोड पर कब्रिस्तान के पास पहुंची। बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनको घेर कर रोक लिया। बदमाश उनसे बैग लूटने की कोशिश करने लगे। इस पर अनुज और हर्ष की बदमाशों से गुत्थम-गुत्था हो गई। पीछे आ रहा नौकर तोताराम भी आ गया। वह भी बदमाशों ने भिड़ गया। खुद को नाकाम होता देखकर दो बदमाशों ने अनुज और तोताराम को तमंचे से गोली मारकर नगदी और सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लूट लिया। बैग में दस लाख रुपये का माल था।
गोली लगने पर भी घायल अनुज और तोताराम थाने की ओर भागे। मौका पाकर बदमाश शोर बचाते हुए दूसरी दिशा में भाग गए। गोली अनुज की कमर में धंस गई है। उनको बरेली रेफर किया गया है। हालत गंभीर बताई जा रही है। तोताराम के भी पेट के पास गोली लगी है।
घटना गंभीर है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि बदमाशों ने प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम दिया है। बैग में कितनी नगदी और जेवर थे, यह तो होश में आने के बाद सर्राफ ही बता सकता है। मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। बदमाशों की धरपकड़ को स्वाट टीम लगाई गई है।-बालेंदुभूषण सिंह, एसपी देहात
लूट के बाद बदमाशों ने मचाया शोर
सहसवान। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने लोगों को गुमराह करने के लिए शोर मचाया। गोली चलने के बाद घायल अनुज और उनका नौकर तोताराम जैसे ही थाने की ओर भागे, बदमाश भी पकड़ो-पकड़ो का शोर मचाने लगे। किसी तरह से अनुज और तोताराम थाने पहुंचे। बाद में पुलिस ने भी इलाके में बदमाशों की तलाश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
लुटेरों ने पुख्ता सूचना पर वारदात को दिया अंजाम
हर गुरुवार को दुकान से माल लेकर निकलते थे
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के पास पुख्ता सूचना थी कि सर्राफ के बैग में लाखों का माल होगा। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए जगह भी कब्रिस्तान के पास चुनी। यह इलाका शाम होते ही सुनसान हो जाता है। अनुज के भतीजे हर्ष की मानें तो पहले बदमाशों ने बैग छीनने की कोशिश की। इसमें वह कामयाब नहीं हुए तो गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के पास पुख्ता सूचना थी। दरअसल, अनुज माहेश्वरी हर गुरुवार को दुकान से नगदी और काफी सोने-चांदी का माल लेकर निकलते हैं। शुक्रवार को वह यह माल लेकर बदायूं और बरेली जाते हैं। वहां से सोने-चांदी के नए जेवर लेकर आते हैं। पुलिस भी इस बात को मान रही है कि घटना प्री-प्लान है। घटना को अंजाम देने के लिए थाने और कब्रिस्तान के पास की जगह चुनी गई। हालांकि पुलिस घटना का जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है, लेकिन जिस तरह से वारदात की गई उसको देखकर नहीं लगता कि पुलिस के लिए यह आसान होगा।
जिला अस्पताल में नहीं मिला स्ट्रेचर
बदायूं। रात करीब नौ बजे दोनों घायल जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों की हालत गंभीर थी। इनको एंबुलेंस से इमरजेंसी में ले जाया जाना था। यहां स्ट्रेचर तक नहीं मिला। इससे अनुज के संबंधी बिफर पड़े। बाद में एक स्ट्रेचर लाया गया। एक-एक कर दोनों को इमरजेंसी में पहुंचाया गया।