दो बाइक पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने सरेशाम सर्राफ पिता-पुत्र से नगदी और
सोने-चांदी के जेवर समेत करीब पांच लाख रुपये की लूट कर ली। लूटपाट का
विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से पिता को मारकर घायल कर दिया। बाद
में बदमाश ककराला की ओर भाग गए। सूचना पर एसपी सिटी अनिल यादव और सीओ
दातागंज सुरेंद्र त्यागी भी मौकेपर पहुंचे। लुटेरों की तलाश में पुलिस ने
घंटों कांबिंग की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। हालांकि शक के आधार पर एक युवक
को हिरासत में लिया है।
अलापुर थाने के कस्बा म्याऊ निवासी रामकिशोर
वर्मा की जगत कस्बे में सर्राफे की दो दुकानें हैं। एक दुकान पर रामकिशोर
और दूसरी पर इनका बेटा सुखपाल वर्मा बैठता है। गुरुवार शाम करीब पांच बजे
पिता-पुत्र दुकानें बंद करके बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में
अलापुर-भकराला के बीच दो बाइक से पीछा कर रहे छह बदमाशों ने ओवरटेक करके
सुखपाल की बाइक को गिरा दिया। पिता-पुत्र को घेर लिया। बदमाशों ने रामकिशोर
और सुखपाल से बैग लूट लिए। विरोध करने पर रामकिशोर को तमंचे की बट से
पीटा। रामकिशोर के बैग में से 80 हजार रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवर
और सुखपाल के बैग में 90 हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवर थे।
दोनों लोगों के बैग में नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये का माल था। लूटपाट
करने के बाद बादमाश ककराला की ओर फरार हो गए।
लूट की खबर मिलने पर एसओ
जीत सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
पुलिस ने ककराला रोड पर बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की लेकिन कामयाबी
नहीं मिली। हालांकि शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया है। घटना
की सूचना पर एसपी सिटी और सीओ दातागंज ने भी अलापुर पहुंच कर जानकारी ली।
रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सुखपाल की ओर से तहरीर दी गई है।