पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले पति ने मंगलवार को उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और उसे शौचालय में बंद कर फरार हो गया। मृतक इन दिनों अपने मायके गांव झुकसा में रह रही थी। उसके भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी फरार है। मृतक सुनीता (30) का विवाह बरेली जनपद के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव बिछुरैया में रघुवीर पुत्र बलवीर के साथ लगभग 12-13 साल पहले हुआ था। उनके चार बच्चे हैं। सुनीता के मायके वालों के मुताबिक रघुवीर सुनीता पर शक करता था। इसके चलते अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे वह बेहद परेशान रहती थी। कई बार समझाने पर भी रघुवीर का शक दूर नहीं हुआ। कुछ दिन पहले दिल्ली में रहने वाली सुनीता की बहन सुमन ने उसके बच्चों के लिए कपड़े बनवाकर भिजवाए थे। इस पर भी रघुवीर ने सुनीता को भलाबुरा कहा और मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद सुनीता अपने मायके झुकसा में आ गई थी। दो-तीन दिन पहले रघुवीर भी यहां आ गया और तब से रुका हुआ था। सुनीता के भाई संतोष की ओर से दातागंज थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को सुबह सुनीता शौच को गई। सारे परिजन सोये हुए थे। इसी बीच रघुवीर ने उसको पकड़ लिया और उसका गला घोंटने के बाद शौचालय में ही सुनीता को बंद करके फरार हो गया। परिवार वाले उठे तो उन्हें सुनीता मृत मिली। उसके गले पर निशान थे। इसके बाद सूचना दातागंज थाना पुलिस को दी गई। मामले में दातागंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुनीता के शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सुनीता के भाई संतोष की ओर से मिली तहरीर के आधार पर रघुवीर के खिलाफ गला घोंटकर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी रघुवीर की तलाश हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विवेचना शुरू होगी।