सरेशाम तीन अज्ञात हमलावरों ने सहसवान कोतवाली के पास ग्राम पंचायत अल्लीपुर के पूर्व प्रधान भूरे को गोली मारकर घायल कर दिया। कोतवाली के पास हुई घटना से सनसनी फैल गई है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अल्लीपुर ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान भूरे (40) गुरुवार शाम नगर के मोहल्ला जहांगीराबाद स्थित विधायक ओमकार सिंह के आवास से घर लौट रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने भूरे पर फायर कर दिया। एक गोली भूरे के पीठ में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिवार वाले उन्हें लेकर कोतवाली पहुंचे। यहां से उन्हें सीएचसी भेजा गया। सीएचसी ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में खबर लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। कोतवाल अशोक कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। पूर्व प्रधान ने हमलावरों को अज्ञात बताया है। वारदात संदिग्ध प्रतीत हो रही है।
खुशी में चली गोली से बालक घायल
मूसाझाग के गांव नवदिया में घटना
मूसाझाग। थाना क्षेत्र के गांव नवदिया में लगुन समारोह के दौरान खुशी में की गई फायरिंग से गांव के ही नंदू का आठ वर्षीय बेटा संजीव घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर नहीं दी गई है।
नवदिया निवासी रावघ सिंह के बेटे अंकित का बुधवार रात लगुन समारोह था। लगुन चढ़ने के बाद दावत के दौरान गांव के ही कुछ लोग खुशी में फायरिंग कर रहे थे। अचानक एक गोली नंदू के आठ वर्षीय बेटे संजीव के कंधे में लगी। वह गंभीर घायल हो गया। परिवार वाले संजीव को आननफानन में बरेली ले गए।
हादसे में घायल बालिका की मौत
सैदपुर। वजीरगंज थाने के गांव मुडिय़ा सतासी के पास सैदपुर-करेंगी रोड पर बुधवार को गांव के कल्लू की 12 वर्षीय बेटी राधा को कार ने टक्कर मार दी थी। इससे राधा गंभीर घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए बरेली ले जाया गया था। वहां राधा की मौत हो गई। राधा की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम है।