अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने बिछाया जाल
उझानी थाना क्षेत्र के चर्चित एडीजीसी साधना शर्मा हत्याकांड में जेल भेजे गए आरोपी बाबू गिरीश मिश्रा को सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने निलंबित कर दिया। इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश मेें उझानी पुलिस ने जाल बिछाया है। आरोपियों की लोकेशन सर्विलांस के सहारे तलाश कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पहले सड़क हादसे के तौर पर देखे जा रहे इस मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद नया खुलासा हुआ। उझानी पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता पीसी शर्मा समेत आठ लोगों को शामिल दिखाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। इसमें सुपारी लेने वाला शातिर अपराधी मस्ताना, विकास भवन में बाबू गिरीश मिश्रा और कार चालक को जेल भेजा जा चुका है। बाबू को जेल भेजे जाने के बाद सीडीओ ने उसे निलंबित कर दिया।
इस कांड में मृतका की बहन विपर्णा गौड़ आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने पहले लिखाई एफआईआर में पूर्व विधायक योगेंद्र सागर समेत कई लोगों को दरकिनार करते हुए साधना के करीबी भाजपा नेता पीसी शर्मा को ही मुख्य आरोपी माना है। पुलिस ने भी पूरी शिद्दत से इस कांड में लगकर ब्लाइंड मर्डर को खोलने का कारनामा कर दिखाया है। अब पुलिस को मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों की तलाश है। उझानी पुलिस का कहना है कि इस कांड को पूरी निष्पक्षता के साथ वर्कआउट किया गया है। जल्द ही अन्य आरोपी गिरफ्त में होंगे।