कुष्ठ आश्रम में सोमवार रात की घटना, असलाहों से लैस थे बदमाश
कुष्ठ रोगियों को बंधक बनाकर कमरे में डाला
हॉफ नेकर और बनियाननुमा टी-शर्ट पहने थे आठों बदमाश
कछला के कुष्ठ आश्रम पर सोमवार रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने छह कुष्ठ रोगियों के घरों को निशाना बनाया। उन्हें गन प्वाइंट पर लेकर नकदी समेत जेवरात लूट लिए। महिला समेत दो कुष्ठ रोगियों को बंधक बना लिया गया। इससे कुष्ठ रोगी और बच्चे सहम गए। माल समेट कर बदमाशों के जाने के बाद एक कुष्ठ रोगी ने 100 नंबर डॉयल किया तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। लूट के शिकार हुए कुष्ठ रोगियों की ओर से नरायन कुमार ने नकदी समेत करीब दो लाख रुपये की लूट बताते हुए चौकी पर तहरीर दी है।
घटना रात करीब एक बजे की है। पुलिस चौकी के समीप स्थित कुष्ठ आश्रम में बदमाशों ने दस्तक देते ही सबसे पहले कुंवरसेन के परिवार को बंधक बनाया। बदमाशों की संख्या सात-आठ बताई गई है। सभी बदमाश हॉफ नेकर और बनियाननुमा टी-शर्ट पहने थे। कई कुष्ठ रोगी उस वक्त आश्रम में अलाव के पास बैठे थे लेकिन बदमाशों के पास असलाह होने की वजह से उन्होंने शोर नहीं मचाया। कुंवरसेन की पत्नी चंद्रवती समेत तीन लोगों को बदमाशों ने कमरे में कैद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने नरायन कुमार, प्रेमपाल, मानसिंह, मानकी पत्नी हरिहर प्रसाद, मुकुंदी, राजू और कुंवरसेन के घरों से नकदी समेत जेवरात लूट लिए।
लूट के शिकार हुए कुष्ठ रोगियों में नरायन कुमार ने बताया कि आश्रम के ज्यादातर महिला-पुरुषों को पिछले दिनों पेंशन की 15-15 हजार की धनराशि बैंक से निकाली थी। बदमाश ने छह घरों में एक भी रुपया नहीं छोड़ा। घटना को अंजाम देकर बदमाशों के जाने के बाद एक कुष्ठ रोगी ने 100 डॉयल कर दिया। 100 डॉयल के पुलिस कर्मियों के साथ चौकी से फोर्स भी पहुंच गया। चौकी इंचार्ज सुभाष यादव ने पुलिस फोर्स के साथ बदमाशों की तलाश में शमशान स्थल समेत आसपास का इलाका भी खंगाल लिया लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग पाया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि घटना चोरी है लेकिन चोरों ने जाते वक्त जाग होने पर तमंचा दिखा कर कुष्ठ रोगियों को डरा दिया।
आंखों का आपरेशन कराने को रखे थे रुपये
उझानी। कुष्ठ रोगी चंद्रवती और मानकी ने अपनी आंखों का आपरेशन कराने के लिए पेंशन के रुपये सहेज कर रखे थे। आपरेशन कराने के लिए दोनों ने तीन दिन पहले डॉक्टर से भी संपर्क साधा था लेकिन डॉक्टर ने सात-आठ दिन बाद आपरेशन करने की कहकर उन्हें लौटा दिया था। लूट के बाद दोनों महिलाओं के इलाज पर भी संकट आ गया है। नरायन कुमार ने तो अपनी दोनों बेटियों के ब्याह के लिए जेवरात भी बनवा लिए थे। बदमाश उन्हें भी लूट ले गए।