रिपोर्ट दर्ज, पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार किया
दुकान के सामने बाइक खड़ी करने का विरोध करने पर कुछ दबंग एक हलवाई की दुकान में घुस गए। हलवाई को न सिर्फ पीट कर घायल कर दिया बल्कि लूटपाट भी की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पास मुकेश वार्ष्णेय की हलवाई की दुकान है। दुकान के सामने नितिन यादव बाइक खड़ी कर रहा था। मुकेश ने इससे मना किया। इस पर नितिन ने गालियां देनी शुरू कर दी। इसी दौरान नितिन ने अपने पांच-छह साथियों को भी बुला लिया। इन लोगों ने मुकेश की दुकान पर धावा बोल दिया। मुकेश की तहरीर पर पुलिस ने नितिन, धर्मवीर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नितिन यादव को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
कातिलाना हमले में चार लोगों पर मुकदमा
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव होतीपुर के बालिस्टर पुत्र मायाराम का आरोप है कि 11 मई की रात वह अपने घर पर था। रात में चार लोगों ने उसके घर पर धावा बोलकर फायरिंग कर दी। इसमें वह बाल-बाल बचा। पीड़ित ने गांव के ही अमरपाल पुत्र बांकेलाल, इंद्रजीत उर्फ नन्हें पुत्र अमरपाल, दिनेश उर्फ दन्नू, मुनेश पुत्रगण दुर्गा प्रसाद के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
दुष्कर्म के प्रयास के दो आरोपी गिरफ्तार
सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को गांव के ही राम सिंह और सोमवीर ने खेत से लौट रही किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की थी। पुलिस ने तीन लोगों रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। रविवार को राम सिंह और सोमवीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आटा चक्की में चोरी करते एक को पकड़ा
दहगवां। थाना जरीफनगर गांव नेनौल बागवाला के नौशे अली की गांव में चक्की है। शनिवार रात गांव का ही एक युवक चोरी के इरादे से चक्की में घुस गया। व गेहूं और आटा के बोरे उठाकर ले जाने लगा। इसी दौरान नौशे आ गया। चोरी कर रहे युवक को उसने पकड़ लिया। रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी गई है।