मुकदमे की तारीख करके लौट रही एक महिला का उसके पति ने अपने भाई समेत चार लोगों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया। महिला के पिता की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस महिला की तलाश के साथ मामले की पड़ताल में लग गई है।
थाना जरीफनगर के गांव नाधा निवासी रामभरोसे ने अपने बेटी सावित्री की शादी सहसवान-नाधा रोड स्थित इब्राहीमपुर गढ़ी के धीर सिंह के साथ की थी। करीब दो साल पहले सावित्री ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से सावित्री अपने मायके में रहती थी। शुक्रवार को सावित्री अपनी मां सोनवती के साथ सहसवान सिविल कोर्ट में तारीख करने आई थी। शाम को मां-बेटी वापस नाधा लौट रहे थे। रास्ते में सावित्री के पति धीर सिंह ने अपने भाई जागेश, नेम सिंह और बहनोई सुरेश के साथ मिल कर हथियारों के बल पर इब्राहीमपुर गढ़ी गांव के पास से सावित्री का अपहरण कर लिया।
ये बात सोनवती ने अपने पति को बताई। रामभरोसे ने पहले तो बेटी की तलाश की। जब सावित्री का कुछ पता नहीं लगा, तो शनिवार को उसने अपने दामाद समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सावित्री की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ उमेश यादव के अनुसार महिला के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी और महिला की बरामदगी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों में पहले से मुकदमा चल रहा है।