विद्युत वितरण खंड द्वितीय ने अभियान चलाकर अलापुर थाना क्षेत्र में नौ लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ लिया। इनमें एक मेंथा प्लांट और चार आटा चक्की भी शामिल हैं। सभी के खिलाफ अलापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बुधवार को अधिशासी अभियंता छैल बिहारी के नेतृत्व में बिजली चोरी रोकने को अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अलापुर में एक मेंथा प्लांट चोरी की बिजली से चल रहा था। चार आटा चक्कियां भी चोरी की बिजली से चलती पकड़ी गईं। इसके अलावा तीन घरेलू उपभोक्ताओं को पकड़ा गया जो मीटर को बाईपास करके बिजली चला रहे थे। सभी के खिलाफ थाने में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। बकाया अदा न करने पर विभाग ने बुधवार को 39 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन भी काटे हैं। गुरुवार को भी विभाग की ओर से बकाया वसूली और बिजली चोरी रोकने को अभियान चलाया जाएगा।