कालागढ़/कोटद्वार। कालागढ़ की नई कालोनी में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक घर के आंगन में सोया हुआ था, जबकि उसका शव कमरे के अंदर पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद बदमाशों ने उसका शव अंदर कमरे के अंदर फेंक दिया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ ही कोटद्वार से पुलिस क्षेत्राधिकारी जेआर जोशी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेज दिया गया है। पुलिस हत्या की वजह पुरानी रंजिश मानकर चल रही है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों ने तहरीर में एक महिला पर संदेह जताया है।
पुलिस के अनुसार जिला जेपी नगर के धनौरा निवासी सुनील कुमार (36) कालागढ़ की नई कालोनी में आवास संख्या सी-277 में रहता था। वह पुराने कालागढ़ के निकट एक मेडिकल शाप और वहीं पर क्लीनिक चलाता था। मंगलवार की रात को अज्ञात बदमाशों ने उसकी उसके आवास के आंगन में ही गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या बड़ी बेरहमी से की गई थी। गले के अलावा उसके पेट पर चाकू के कई निशान थे। मौके पर काफी खून बहा था। पुलिस ने बताया कि घटना को सुबह तीन से चार बजे के बीच अंजाम देना प्रतीत हो रहा है। सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने सुनील के भाई और अन्य परिजनों को खबर दी।
पुलिस ने बताया कि सुनील परिवार से अलग रहता था। उसकी पत्नी नीतू अपने दो बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। मृतक के पिता भगवान दास कालागढ़ में बिजली विभाग में काम करते थे। उनकी मृत्यु के बाद उसके भाई तरुण की हाइडिल में नौकरी लग गई थी, जबकि सुनील अपना क्लीनिक चला रहा था। हत्यारों ने सुनील की कमीज से खून साफ कर उसे सूखा स्रोत में डाल दिया। हत्याकांड से परिजनों में कोहराम मचा है।