दातागंज के एक गांव में कक्षा तीन की 10 वर्षीय बीमार छात्रा के साथ हैवानियत की गई। गांव के ही शादीशुदा युवक ने सोमवार को दिनदहाड़े छात्रा को बाजरे के खेत में खींचकर दुष्कर्म किया। छात्रा को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी अनिल यादव ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर पीड़ित परिवार से बात की। आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में टीम लगाई गई है।
घटना सोमवार दिन के करीब 11 बजे की है। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 10 वर्षीय बच्ची गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा है। छात्रा क्षय रोग से पीड़ित है। उसका इलाज चल रहा है। सोमवार को वह बुखार आने की वजह से करीब 11 बजे विद्यालय से घर के लिए चली। सुनसान रास्ते में गांव के ही 28 वर्षीय ओमशरन पुत्र मनोहर ने उसे दबोच लिया। आरोप है कि युवक उसे बाजरे के खेत में खींच ले गया। वहां उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर दुष्कर्म किया। इसके बाद बेहोशी की हालत में खून से लथपथ छात्रा को खेत में ही छोड़कर भाग गया।होश आने पर बदहवास छात्रा घर पहुंची। उसके कपड़े खून से सने देख मां घबरा गई। छात्रा ने मां को आपबीती बताई। बीमार बेटी के साथ घिनौनी करतूत की सुनकर मां-बाप एक बार तो सन्न रह गए। पिता बेटी को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने ओमशरन के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसके खिलाफ पाक्सो एक्ट की कार्रवाई भी की गई है। छात्रा को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर्स के अनुसार उसकी हालत फिलहाल ठीक है, लेकिन वह सदमे में है।
रिपोर्ट दर्ज कर छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनिल कुमार यादव, एसपी सिटी