एक हाथ और पैर धड़ से था अलग, नहीं हुई शिनाख्त
बरेली-कासगंज रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह छतुइया के पास एक युवक का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। सूचना पर यहां काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक का एक पैर और एक हाथ शरीर से अलग था। काफी कोशिश के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव छतुइया के ग्रामीण शु्क्रवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गए। उन्होंने देखा कि गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा है। मृतक की उम्र करीब 30 साल थी। वह नीली जींस और सफेद-नीली चेकदार शर्ट पहने था। पैरों में गोल्डस्टार के जूते थे। उसके पास से कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। सब इंसेपक्टर संजय कुमार शर्मा ने बताया कि आसपास के किसी भी गांव से कोई युवक लापता नहीं है इसकी जानकारी कर ली गई है। आशंका है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरकर हुई। पुलिस आत्महत्या के बिंदु पर भी जांच कर रही है।