आम जनता के बाद अब एटीएम हैकर पुलिस वालों को भी निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला बिसौली कोतवाल कश्मीर सिंह यादव के बैंक एकाउंट से 10 हजार रुपये उड़ाने का है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
बिसौली कोतवाल कश्मीर सिंह यादव अब तक संभल के रजपुरा थाने में तैनात थे। पिछले महीने ही वह बदायूं आए थे। रजपुरा के संडपुर पीएनबी शाखा में उनका एकाउंट है। इसका एटीएम खराब हो गया था। पिछले दिनों उन्होंने दूसरा एटीएम मंगाया। यह एटीएम गायब हो गया। दो दिन पहले कश्मीर सिंह के फोन पर मैसेज आया। उनके बैंक खाते से किसी ने 10 हजार रुपये निकाल लिए। इस बारे में जब उनको पता लगा तो बैंक को सूचना देकर एटीएम बंद कराया। कश्मीर सिंह ने बताया कि उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस और बैंक को दे दी है। उनके एटीएम का किसने इस्तेमाल कर एकाउंट से रकम निकाली जल्द पता लग जाएगा।