खरीदार बन कर पहुंचे बदमाशों ने 5.70 लाख रुपये में बोलेरो का सौदा किया फिर ट्रॉयल के लिए निकल पड़े। बोलेरो मालिक ने हालांकि अपना ड्राइवर भी साथ भेजा था, लेकिन रास्ते में उसे धमका कर उतार दिया गया। तीन बदमाश पुलिस की वर्दी पहने हुए थे।
घटना रविवार शाम करीब सात बजे की है। कोतवाली क्षेत्र के गांव बेनीनगला निवासी प्रमोद कुमार की बोलेरो है। बोलेरो बुकिंग पर भी चलती रही है। अपराह्न में उसके पास दो लोग पहुंचे। उन्होंने बोलेरो खरीदने की कहकर बातचीत शुरू की। 5.70 लाख रुपये में सौदा तय भी हो गया। सौदा तय होने पर उनमें से एक व्यक्ति किसी काम की कहकर चला गया, जबकि दूसरे ने बदायूं तक ट्रॉयल लेने की बात कही। इस पर प्रमोद ने ड्राइवर नरवेश को उसके साथ ट्रॉयल पर भेज दिया। सौदा करते वक्त दोनों ने खुद को कासगंज जिले का निवासी बताया था।
बकौल प्रमोद, नरवेश ने रात आठ बजे उसे कॉल कर बताया कि लालपुल के पास उसे बाइक सवार तीन लोग मिले। तीनों पुलिस की वर्दी में थे। उनमें से दो बोलेरो में बैठे फिर उसे रास्ते में उतार कर चले गए हैं। सूचना मिलते ही प्रमोद परिचित लोगों के साथ लालपुल पर पहुंचा। उसने आसपास इलाके में बोलेरो का पता भी लगाया, लेकिन सुराग नहीं लग पाया। प्रमोद रात में ही कोतवाली पहुंचा। पुलिस को भी घटनाक्रम से अवगत कराया। इंसपेक्टर देवराज राठी ने मामला कोतवाली क्षेत्र का बताकर उसे बदायूं जाने को कहा। अभी इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
बोलेरो ले जाने से पहले बेची बाइक
उझानी। ट्रॉयल के नाम पर बोलेरो ले जाने वाले दोनों ठग भले ही प्रमोद के पास अपराह्न में पहुंचे, लेकिन वह तड़के से ही इलाके में थे। उनके पास बाइक भी थी। बाइक उन्होंने बसोमा निवासी मुकेश को 39 हजार रुपये में बेची थी। ठगों ने यह बात प्रमोद को भी बता दी थी। मुकेश ने 20 हजार रुपये यह कहकर दिए थे कि बाकी रकम तब देगा, जब बाइक उसके नाम ट्रांसफर होगी। बाइक का रजिस्ट्रेशन कासगंज के गांव नगला भूड़ सैलई निवासी रामपाल के नाम से है। बोलेरो का घटनाक्रम सामने आने के बाद पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। पुलिस सूत्रों की मानें तो बाइक चोरी की हो सकती है।