-दो गिरफ्तार, गोवंशीय पशुओं का मांस और अवशेष बरामद
-मांस दफन किया, गिरफ्तार मांस तस्करों को पुलिस ने जेल भेजा
कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापामारी कर नगर के मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद में एक घर में चल रहा बूचड़खाना पकड़ लिया। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। यहां से गोवंशीय पशुओं का मांस, अवशेष और पशु काटने के औजार बरामद हुए हैं।
इंस्पेक्टर सहसवान नरेंद्र कुमार सिंह को गुरुवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली कि नगर में मोहल्ला पट्टी यकीन मोहम्मद में अयूब के घर पर गोवंशीय पशुओं का वध किया जा रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ छापामारी की। यहां अयूब के लड़के कयूम और गयूर गोवंशीय पशुओं का वध कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। मौके से करीब दो क्विंटल गोवंशीय पशुओं का मांस बरामद हुआ। पशु की खाल, अवशेष और पशु काटने के औजार भी मिले। कोतवाली पुलिस ने कयूम और गयूर के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है। इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मांस तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।