उप संभागीय परिवहन विभाग का हेड क्लर्क काम बताने पर एआरटीओ प्रशासन से भिड़ गया, जिससे दोनों के बीच मारपीट हो गई। स्टाफ के लोगों ने किसी तरह से बीच-बचाव कराया। इस दौरान यहां हंगामा की स्थिति बन गई। हेड क्लर्क के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय मानी जा रही है। एआरटीओ प्रशासन एनसी शर्मा बुधवार को अपने कार्यालय में बैठे काम निपटा रहे थे। विभाग के हेड क्लर्क दानवीर को उन्होंने कुछ काम बताया। उसने काम नहीं किया तो एआरटीओ नाराज हुए। इस पर दानवीर उनको गालियां देने लगा। कुछ ही देर में दोनों के बीच हाथापाई हो गई। यह देखकर दफ्तर के लोग भी दंग रह गए। किसी तरह से बीच बचाव कराया गया। सूचना मिलने पर एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ राय भी यहां पहुंच गए। इससे पहले दानवीर दफ्तर से जा चुका था। हालांकि, अभी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं दी गई है। दानवीर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की बात कही जा रही है। एआरटीओ और क्लर्क के बीच झड़प का मामला दिन भर विभाग में चर्चा का विषय बना रहा।
सूचना मिलने पर मैं ऑफिस पहुंचा था। घटना निंदनीय है। यह अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है। मामले में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। ट्रांसपोर्ट कमिश्रर को कार्रवाई के संबंध में लिखा जाएगा। ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हों। -अमिताभ राय, एआरटीओ प्रवर्तन