फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में गांव के ही दो युवकों पर तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। बताया कि वह थाने गई मगर उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। पीड़िता युवती ने शिकायती पत्र में बताया कि बीती 12 मई को रात करीब दस बजे घर के सभी लोग खेत पर काम करने गए थे। उसी दौरान गांव के दो लोग उसके घर घुस आए और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसमें एक युवक ने तमंचा निकाल लिया।
इसके बाद तमंचे के बल पर इन लोगों ने उसके साथ बारी बारी से दुष्कर्म किया। धमकी दी कि अगर शिकायत की तो वह जान से मार देंगे। परिजनों के आने के बाद उसने 100 नंबर पर सूचना दी। मगर पुलिस आई और पूछताछ करके चले गई।
इसके बाद वह अपने पिता के साथ फफूंद थाने गई मगर उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई और न ही रिपोर्ट लिखी गई। इसके बाद आरोपी उसे धमका रहे हैं कि वह तुम लोगों को जान से मार देंगे। पीड़िता ने एसपी संजीव त्यागी से आरोपियों पर कार्रवाई कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी संजीव त्यागी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। एसपी ने फफूंद थानाध्यक्ष को तत्काल मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।