नाबालिग छात्रा से मंदिर के कमरे में गैंगरेप का मामला
दोनों गेट से ताले खुलवाने को कोतवाल से मिले लोग
मंदिर के कमरे में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला उजागर होने के बाद से मंदिर के दोनों गेट पर पड़े ताले खुलवाने के लिए शुक्रवार शाम को व्यापारी नेताओं के साथ कई लोग प्रभारी निरीक्षक से मिले। उन्होंने श्रद्धालुओं की भावनाओं का ख्याल रखने की परैवी की। बोले- ताले खुलने पर ही पूजा-अर्चना शुरू हो सकेगी।
शाम को कोतवाली पहुंचे व्यापारी नेताओं ने प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल को इलाके के लोगों की धार्मिक भावनाओं से अवगत कराया। बताया कि गैंगरेप की घटना के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन मंदिर के दोनों गेट पर अब भी ताले लटके हुए हैं। लोगों को पूजा-अर्चना करने के लिए मंदिर में प्रवेश नहीं मिल रहा है। व्यापारियों में से एक-दो लोगों ने यह भी कहा कि अगर किसी को दिक्कत न हो तो दूसरे पुजारी को बैठाया जा सकता है। फिलहाल कमरों में गैंगरेप के आरोपियों के परिजनों का सामान रखा है।
प्रभारी निरीक्षक ने हालांकि व्यापारियों समेत मोहल्ले के लोगों की भावनाओं को समझा लेकिन उन्होंने अपने स्तर से कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। बताया कि जिसने भी ताले डाले हैं, पहले उससे बात की जाए। बता दें कि मंदिर के कमरे में पुजारी के दोनों बेटों ने छात्रा को गैंगरेप का शिकार बनाया था। छात्रा की वीडियो क्लिप भी बनाई गई थी। प्रभारी निरीक्षक से मिले व्यापारियों में पुरुषोत्तम दास वार्ष्णेय, गिरीशबाबू वार्ष्णेय, सुखपाल, अजय कुमार अग्रवाल और राजेंद्र प्रसाद बाबा समेत कई लोग शामिल थे।