गंगा दशहरा पर रविवार को अलग-अलग गंगा घाटों पर गंगा स्नान करते हुए नौ लोग डूब गए। इनमें सात लोगों को तो सकुशल बचा लिया गया। दो का देर शाम तक कोई सुुराग नहीं लग सका था। जबकि एक का शव शाम को मिल गया। हादसे उझानी, सहसवान और उसहैत में गंगा घाटों पर हुए।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर खेड़ा गंगा घाट पर दो किशोरियां स्नान करते हुए डूब गईं। इनमें एक का पता नहीं लगा है। गांव के ही लोगों के साथ कन्हई की 16 वर्षीय बेटी मिथलेश और रमेश की 17 वर्षीय बेटी आरती गंगा स्नान करने गई थीं। गहराई में जाने से यह डूब गईं। इनमें से आरती को निकाल लिया गया। देर शाम तक मिथलेश का कुछ पता नहीं चला था। इधर, उसहैत में कटिन्ना घाट गंगा स्नान करते हुए मुनीश नाम का युवक डूब गया। शाम को उसका शव मिला। कछला घाट के उस पर गंगा स्नान करते समय शहर के राजू, राहुल और सतेंद्र डूब गए। इन तीनों को सकुशल निकाल लिया गया।
सहसवान के पावेड़ पुख्ता गंगा घाट पर गांव अलेहदादपुर धोबई का 30 वर्षीय संतोष पुत्र शिव सेवक गंगा स्नान करने गया था। गांव का ही अफजाल भी घाट पर मौजूद था। इसी दौरान गंगा स्नान के लिए आए कासगंज साइड के ग्रामीणों का ट्रैक्टर गंगा में फंस गया। अफजाल और संतोष ट्रैक्टर निकलवाने के लिए गंगा में चले गए। गहराई में जाने से दोनों डूबने लगे। ग्रामीणों ने अफजाल को बाहर निकाल लिया जबकि संतोष का कुछ पता नहीं लगा। देर शाम तक तलाश जारी थी। संतोष के परिवार में पत्नी भूरी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री है। कादरचौक में चोरी नगला घाट पर भी एक युवक गंगा में डूब गया। उसे गोताखोरों ने सकुशल निकाल लिया।