बेटी के घर दावत में शामिल होने जा रही बुजुर्ग महिला की जेवर लूटने के बाद हत्या कर शव जंगल में फेक दिया गया। मंगलवार को पुलिस ने शव बरामद कर लिया। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी गई है। शकीला रविवार को अपने घर से रिश्तेदारी में जाने को निकली थी।
कादरचौक थाने के गांव रेवा निवासी शकीला (68) पत्नी नसरुद्ीन की बेटी पड़ोस के गांव मौसमपुर पट्टी में जुल्फिकार को ब्याही है। शकीला के दो बेटे दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। रविवार को शकीला अपनी बेटी के घर मौसमपुर पट्टी जाने के लिए निकली थी। वह वहां नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार वालों ने शकीला की तलाश शुरू की। मंगलवार गांव गांव के कुछ बच्चे मौसमपुर पट्टी और सुर्खा गांव के बीच जंगल में बकरिया चराने गए थे। इन्होंने देखा की जंगल में महिला का शव पड़ा हुआ है। इस बारे में गांव के लोगों को जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
गांव के लोगों ने इस बारे में खबर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। शव की शिनाख्त शकीला के रूप में हुई। शकीला के कानों से सोने के कुंडल और पैरों से पावेज गायब हैं। कहा जा रहा है कि लूटपाट के बाद शकीला की हत्या की गई है। एसओ रुकुमपाल सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ हो जाएगी। मामले में पड़ताल की जा रही है।