व्यापारी राजेश गुप्ता की हत्या का पुलिस ने वर्क आउट कर दिया है। सोमवार को एसएसपी सौमित्र सिंह अपहरण और हत्याकांड का खुलासा करेंगे। व्यापारी की हत्या उनके ही एक रिश्तेदार ने साढ़े छह लाख रुपये हड़पने के लिए की थी। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
दातागंज के वार्ड नंबर 15 निवासी व्यापारी राजेश गुप्ता को शुक्रवार रात एक व्यक्ति घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। शनिवार को परिवार वालों की ओर से पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। दोपहर में राजेश गुप्ता का शव झाड़ियों में बरामद किया गया। उनकी गला रेत कर हत्या की गई थी। एसएसपी सौमित्र सिंह ने घटना का खुलासा करने के लिए एसओजी को लगाया था। पुलिस की मानें तो राजेश गुप्ता के अपने करीबी रिश्तेदार पर साढ़े छह लाख रुपये की देनदारी थी। इसी रिश्तेदार ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन लोगों के साथ मिलकर राजेश गुप्ता की हत्या कर दी। पुलिस अभी और तथ्य जुटा रही है। एसएसपी का कहना है कि सोमवार को पूरा खुलासा किया जाएगा।